Bilaspur News : शराब दुकान के बाहर अवैध बिक्री का VIDEO वायरल, चखना सेंटर से सप्लाई के आरोप
बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में शराब दुकान के बाहर भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जहां खुलेआम शराब बेचे जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के बाहर संचालित चखना सेंटर को अवैध शराब बिक्री के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ग्राहकों को वहीं से देशी शराब उपलब्ध कराई जा रही है।
लोगों के मुताबिक एक पाव देशी शराब 200 रुपये तक में बेची जा रही है, जबकि इसकी निर्धारित कीमत इससे कम है। ऐसे में ओवररेटिंग और अवैध वसूली के आरोप भी सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से दुकानों में देशी शराब की कमी बताई जा रही थी। इसी का फायदा उठाकर अवैध बिक्री का यह नेटवर्क सक्रिय हो गया। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर यह अवैध सप्लाई कौन कर रहा है और किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।





