July 29, 2026

बिलासपुर में अवैध खनन पर सख्ती : रेत और बोर खनन में 11 वाहन जब्त, किसान से 6 लाख की ठगी का मामला भी सामने आया

अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में सेलर, गढ़वट और लोखंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों को रतनपुर और कोनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिलेभर में संयुक्त जांच अभियान जारी
खनिज विभाग द्वारा जिले में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सेलर, चोरहादेवरी, अकलतरी और सरवनदेवरी समेत कई क्षेत्रों में जांच की गई। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार अवैध खनन और परिवहन पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध बोर खनन के खिलाफ प्रशासन की सख्ती
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में अवैध बोर खनन के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। बीते दो दिनों के भीतर प्रशासन ने 8 वाहनों को जब्त किया है। इनमें 4 बोर मशीन और 4 हाइवा वाहन शामिल हैं।

बसिया और तिफरा क्षेत्र में देर रात कार्रवाई
प्रशासनिक टीम ने ग्राम बसिया में देर रात अवैध बोर खनन करते हुए 2 मशीनें पकड़ीं। वहीं तिफरा क्षेत्र से भी 2 अन्य बोर मशीन जब्त की गईं। इसके अलावा बिना रॉयल्टी मुरूम और गिट्टी का परिवहन कर रहे 4 हाइवा वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। सभी वाहनों को सिरगिट्टी और तोरवा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। कार्रवाई तहसीलदार प्रकाश साहू के नेतृत्व में की गई।

KCC के नाम पर किसान से लाखों की ठगी का मामला
पामगढ़ थाना क्षेत्र में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के नाम पर किसान से 6 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम चुरतेला निवासी राजकुमार कसेर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए पूरे मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेजों में करवाए हस्ताक्षर
पीड़ित किसान ने बताया कि वर्ष 2016 में ग्राम मुड़पार निवासी तुलाराम लहरे ने उन्हें लोन दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान कई दस्तावेजों और ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवाए गए। बाद में उनके नाम से एक्सिस बैंक बिलासपुर में खाता खोला गया, लेकिन उन्हें पासबुक और चेकबुक तक नहीं दी गई।

5 लाख रुपए निकाले, किसान को मिले सिर्फ 1 लाख
किसान का आरोप है कि बैंक से 5 लाख रुपए निकाले गए, लेकिन उसमें से केवल 1 लाख रुपए ही उन्हें दिए गए। बाकी राशि आरोपी ने अपने पास रख ली। वहीं 2 लाख रुपए का अब तक कोई हिसाब नहीं मिला है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।

महिला से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 27 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक से उसकी और उसके पति की जान-पहचान थी।

घर में घुसकर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार 6 मई की दोपहर आरोपी घर पहुंचा और पति के घर में नहीं होने की जानकारी मिलने पर जबरन कमरे में घुस गया। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन भी आरोपी ने महिला को डराकर शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर
महिला की शिकायत के आधार पर धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी दिनेश कौशिक के खिलाफ धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।