September 4, 2026

जन्माष्टमी पर मटकी बांधते वक्त हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, गंभीर रूप से झुलसा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जन्माष्टमी के अवसर पर दर्दनाक हादसा हो गया। मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांधते समय एक युवक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजीव गांधी चौक में हुआ हादसा

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जन्माष्टमी के अवसर पर राजीव गांधी चौक में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रेहान मटकी बांध रहा था और अचानक पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।

सिम्स अस्पताल में जारी है इलाज

हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।