बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सराफा कारोबारी से 1.86 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने आधुनिक तकनीक और सरकारी पोर्टल की विश्वसनीयता का फायदा उठाते हुए ज्वेलर को 22 कैरेट हॉलमार्क वाला फर्जी ब्रेसलेट देकर असली सोने के जेवर ले लिए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी के पास 2 दिसंबर 2025 को उत्तम सिंह नामक व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को बिहार के भोजपुर का निवासी बताया और 15.500 ग्राम का 22 कैरेट ब्रेसलेट देकर उसके बदले सोने की चैन और अंगूठी मांगी।
ज्वेलर ने ब्रेसलेट पर अंकित एचयूआईडी नंबर को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के पोर्टल पर चेक किया, जहां यह वैध और प्रमाणित दिखा। आरोपी ने आधार, पैन कार्ड और फोटो भी दिए, जिससे भरोसा हो गया। इसके बाद ज्वेलर ने 1.86 लाख रुपए कीमत के जेवर और नकद दे दिए।
हालांकि 13 मार्च को जब ब्रेसलेट को अधिकृत हॉलमार्किंग सेंटर में जांच के लिए भेजा गया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट में सामने आया कि 22 कैरेट (91.6%) बताई गई ज्वेलरी असल में सिर्फ 24.72% यानी करीब 6 कैरेट की थी।
मामले में पुलिस ने आरोपी उत्तम सिंह और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले सितंबर 2025 में रायपुर के सदर बाजार में नकली जेवर से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ था, जिसने बिलासपुर में भी वारदात करना कबूल किया था।





