March 3, 2026

बिलासपुर लूटकांड का बड़ा खुलासा, भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी; 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। 17 फरवरी को सराफा व्यवसायी पर हुए हमले और लूटकांड मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपियों ने शहर में कांट्रेक्ट किलिंग की सुपारी लेकर प्रवेश किया था और तीन अन्य बड़ी वारदातों की साजिश रची थी। पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया और लूट का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया।

भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी भाजपा पार्षद एवं सब्जी थोक व्यापारी बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी लेकर बिलासपुर आए थे।

पूरे मामले के तार शहर के बदमाश प्रवृत्ति के युवक नारद श्रीवास से जुड़े हैं। उसने बाहरी आरोपियों को बुलाकर हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी तय करवाई थी, जिसमें 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। आरोपियों ने बंधु मौर्य की रेकी भी की, लेकिन 18 दिसंबर को पिस्तौल दिखाकर रोकने की कोशिश नाकाम रही।

ज्वेलरी दुकान और होटल व्यवसायी भी थे निशाने पर

आरोपियों ने सदर बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी की योजना बनाई थी। साथ ही लखन देवांगन उर्फ ‘नीटी समोसा’ को भी लूटने का प्रयास किया गया, जो असफल रहा।

इसके बाद फरवरी में आरोपियों ने दोबारा योजना बनाकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया। 17 फरवरी की रात दुकान बंद कर घर जा रहे संतोष तिवारी की कार को टक्कर मारकर उन पर पिस्टल तान दी गई और मारपीट कर सोना लूट लिया गया।

7 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:

  • विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति (अनूपपुर, एमपी)
  • करीम खान (उत्तर प्रदेश)
  • विजय लाम्बा (नई दिल्ली)
  • मोनू उर्फ राहुल (नोएडा)
  • इरफान अली (बिलासपुर)
  • नारद उर्फ सुमित श्रीवास (बिलासपुर)
  • राजू सोनकर (बिलासपुर)

बरामद सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के पास से:

  • ₹5.33 लाख नकद
  • 1 देशी कट्टा व 1 जिंदा कारतूस
  • 6 धारदार चाकू
  • 6 मोबाइल फोन
  • 1 मारुति ईको, 1 रेनॉ क्विड और 1 महिंद्रा स्कॉर्पियो कार बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि सभी संबंधित प्रकरण थाना सरकंडा, बिलासपुर तथा उत्तर प्रदेश के अहरौरा थाने में दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।