March 5, 2026

बिलासपुर: उदयपुर के ठग ने 36 लाख के सोने का किया धोखा, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर: न्यायधानी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तेलीपारा स्थित ज्वेल्स दुकान के संचालक तुषार दोशी के मुताबिक, उदयपुर (राजस्थान) का रहने वाला कमलेश सोनी नाम का शातिर व्यक्ति खुद को बड़ा जेवर व्यापारी बताकर व्यापारी का भरोसा जीतने में सफल हुआ।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2024 में आरोपी कमलेश सोनी तुषार दोशी के पास आया और कहा कि वह 22 कैरेट सोने के जेवर बाजार में बेचकर राशि लौटाएगा। व्यापारी ने उसकी बातों पर यकीन करते हुए 36 लाख 86 हजार रुपये कीमत के 224.670 ग्राम सोने के हार और कंगन कूरियर के माध्यम से उदयपुर भेज दिए।

जेवर मिलते ही आरोपी ने व्यापारी के बैंक खाते में केवल 6,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए और उसके बाद न तो बकाया राशि लौटाई और न ही सोने के जेवर वापस किए।

धोखाधड़ी का पता चलते ही तुषार दोशी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जांच में पुलिस टीम सक्रिय है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।