September 4, 2026

Bilaspur Violence Update: खपरगंज हिंसा के मास्टरमाइंड सोहेल खान ने किया सरेंडर, 3 साथी भी गिरफ्तार

बिलासपुर। खपरगंज में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुए पथराव और हिंसक झड़प के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के मास्टरमाइंड बताए जा रहे सोहेल खान ने चार दिन फरारी के बाद 1 सितंबर की रात कोनी थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। वहीं पुलिस ने उसके फरार तीन साथियों को भी लालखदान क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

दबाव बढ़ने पर थाने पहुंचा सोहेल खान

28 अगस्त की रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प और पथराव में बदल गया था। घटना के बाद पुलिस सोहेल खान की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।

पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और दबाव के बीच चार दिन फरारी काटने के बाद सोहेल खान ने 1 सितंबर की रात कोनी थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

तीन फरार साथी भी पुलिस की गिरफ्त में

सोहेल खान के सरेंडर के बाद पुलिस ने उसके तीन फरार साथियों खपरगंज निवासी अरबाज, अब्दुल रज्जाक और एक अन्य आरोपी को लालखदान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर हिंसा और पथराव की घटना को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विवाद के बाद दोनों पक्षों ने बुलाए थे समर्थक

पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को खपरगंज में बिरयानी सेंटर के पास शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गंभीर रूप ले लिया था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद देर रात बीच सड़क पर जमकर पथराव हुआ।

घटना में कई लोग घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। एसएसपी और कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे थे।

अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, जिनमें सोहेल गुट के आठ और ठाकुर राम सिंह गुट के तीन आरोपी शामिल थे। अब सोहेल खान की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।

हालांकि, मामले का एक अन्य मुख्य आरोपी ठाकुर राम सिंह अब भी फरार बताया जा रहा है। इसके अलावा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी पुलिस पहचान कर तलाश कर रही है।