बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र के नाई मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर किन्नर समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, धमकी और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में तारबाहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पूजा किन्नर ने शिकायत में आरोप लगाया है कि रजिया खुरसेल किन्नर अपने कुछ साथियों के साथ उसके घर पहुंची और विवाद करने लगी। इस दौरान देवी किन्नर समेत चार-पांच अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और बाल पकड़कर कमरे से बाहर तक घसीटा गया। पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष की रजिया खुरसेल किन्नर ने भी तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रजिया ने पूजा किन्नर, राजा किन्नर और लाडो किन्नर पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके अलावा मिर्ची पाउडर छिड़कने का भी आरोप लगाया गया है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुए इस विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली है और घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।





