September 4, 2026

कोरबा में चरित्र संदेह में युवक की हत्या, चेहरे पर पेट्रोल डालकर जलाया; दोषी को उम्रकैद

कोरबा। चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपी ने हत्या के बाद मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। मोबाइल नाले में फेंक दिया और बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी थी।

विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा के अनुसार घटना 15 सितंबर 2024 की है। बालको थाना क्षेत्र निवासी भुनेश्वर जायसवाल रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी सतीश से हत्या का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक मृतक का आरोपी की पत्नी से बातचीत करना आरोपी को नागवार गुजरता था। घटना वाली रात सतीश मृतक को अपने साथ ले गया। दोनों ने शराब पी और इसी दौरान पत्नी से बातचीत को लेकर विवाद हुआ। सतीश ने चाकू से हमला कर भुनेश्वर की हत्या कर दी और शव को भदरापारा पुराने राखड़ डेम के पास झाड़ियों में फेंक दिया।

आरोपी ने मृतक की बाइक से पेट्रोल निकालकर उसके चेहरे पर डाला और आग लगा दी। इसके बाद मोबाइल नाले में फेंककर बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और अपनी दोपहिया से घर लौट गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव, चाकू और अन्य सामान बरामद किया था। करीब दो साल चली सुनवाई के बाद द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी की अदालत ने आरोपी को उम्रकैद और अर्थदंड से दंडित किया।


निजी स्कूलों की लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, शो-कॉज नोटिस के निर्देश

बिलासपुर। निजी स्कूलों द्वारा सरकारी पाठ्यपुस्तकों का उठाव नहीं करने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नाराजगी जताई है। साप्ताहिक टीएल बैठक में उन्होंने संबंधित स्कूल प्रबंधनों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों की लिस्टिंग और पंजीयन कराने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं और निर्धारित मानकों के पालन की जानकारी रखने के निर्देश दिए। संस्थानों की कार्यप्रणाली से संबंधित एसओपी की जानकारी भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां 13 अगस्त तक पूरी करने, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और पीएम सूर्यघर योजना की धीमी प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।


धान खरीदी केंद्र में 1.31 करोड़ की गड़बड़ी, संस्था प्रबंधक समेत दो गिरफ्तार

सक्ती। पुटीडीह धान खरीदी केंद्र में धान की बोरियों में कथित तौर पर मिट्टी मिलाकर शासन को करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने के मामले में पुलिस ने संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत और प्राधिकृत अधिकारी श्यामा बाई को गिरफ्तार किया है।

मामला 24 नवंबर 2025 का है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि रात के समय धान की बोरियों में मिट्टी मिलाई जा रही है। जांच के दौरान करीब 4200 क्विंटल धान की कमी सामने आने का दावा किया गया। आरोप है कि कमी की भरपाई के लिए धान में मिट्टी मिलाकर बोरियां तैयार की जा रही थीं।

शुरुआत में खरीदी केंद्र प्रभारी प्रकाश महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद की जांच में संस्था प्रबंधक शशिकांत महंत, कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य और प्राधिकृत अधिकारी श्यामा बाई की भूमिका सामने आने के बाद अतिरिक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अब डभरा पुलिस ने शशिकांत महंत और श्यामा बाई को गिरफ्तार किया है। कंप्यूटर ऑपरेटर द्रोण प्रताप शांडिल्य के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

इसी बीच शशिकांत महंत ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत कर सक्ती कलेक्टर पर टॉयलेट साफ कराने का आरोप लगाया था। कलेक्टर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह कार्रवाई से बचने की कोशिश है।


पूर्व जनपद सदस्य के पति की हत्या, दो चाकूबाज गिरफ्तार

बिलासपुर। तोरवा मेन रोड स्थित शराब भट्ठी के सामने पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति और ऑटो चालक शिव नंदन साहू (56) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग बताया जा रहा है।

घटना 10 अगस्त की शाम करीब 5 बजे की है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार दो युवकों ने देवरीखुर्द निवासी शिव नंदन साहू पर चाकू से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपियों ने बूटापारा इलाके में भी एक व्यक्ति कन्हैया लाल राजड़े पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मनीष कैवर्त निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लिया। दूसरे आरोपी के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर हत्या और दूसरे हमले के कारणों की जांच कर रही है।


रिपोर्ट नहीं लिखने पर TI लाइन अटैच, मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। पुराना बस स्टैंड स्थित चखना सेंटर के कर्मचारी से मारपीट की शिकायत दर्ज नहीं करने के मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने तारबाहर TI रविंद्र अनंत को लाइन अटैच कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 9 अगस्त को चखना सेंटर कर्मचारी वासु केशरवानी के साथ चार युवकों ने मारपीट की थी। वासु रिपोर्ट दर्ज कराने तारबाहर थाने पहुंचा, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया।

परिजनों ने 10 अगस्त को थाने में गुमशुदगी की सूचना दी और बाद में एसएसपी से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल एफआईआर नहीं करने पर TI के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस ने 11 अगस्त को मारपीट के मामले में रमजान जली, तालापारा और प्रिंस रजक, टिकरापारा को गिरफ्तार किया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


बिलासपुर में बिजली तार चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए लगाए गए करीब एक किलोमीटर लंबे बिजली तार की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात चोर करीब 45 हजार रुपये कीमत का बिजली तार काटकर ले गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने नीतेश पंडित, राजेश राय (रात्रे), विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चार बंडल बिजली तार बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 भी जब्त की गई है।

पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा क्षेत्र में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।


हरेली पर मुर्गे को लेकर विवाद, बड़े भाई ने छोटे पर किया चाकू से हमला

बिलासपुर। हरेली पर्व के लिए दो मुर्गे लेकर घर लौट रहे दो भाइयों के बीच मुर्गे को लेकर विवाद हो गया। छोटे और बड़े मुर्गे को रखने की बात पर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई ने छोटे भाई के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर मोपका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।