बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन करते हुए हिरण का मांस पकाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट पर दबिश दी और किचन से पका हुआ मांस जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने रिसॉर्ट के मैनेजर सहित चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रजनीश सिंह, रमेश यादव, संजय वर्मा और रामकुमार टोप्पो शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मांस की आपूर्ति जनक बैगा नामक व्यक्ति द्वारा की गई थी, जो फिलहाल फरार है। वन विभाग की टीम उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
जब्त किए गए मांस को वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में हिरण के मांस की पुष्टि होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार और उनके मांस के उपयोग के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।





