July 31, 2026

बिलासपुर में जमीन और पानी निकासी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में लाठी-डंडे चले; एक दर्जन से अधिक घायल

बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के सेमरताल भदोरिया खार बरपाली गांव में जमीन और पानी निकासी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिला और पुरुषों समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।

पानी निकासी के विवाद से भड़का विवाद

पहले पक्ष के हरवंश राजू लोनिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया कि पड़ोसी हरीशानंद, परमानंद, संतोषानंद और उनके बेटों ने सड़क पर मिट्टी डालकर पानी निकासी का रास्ता बंद कर दिया था। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके घर में घुसकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने भी कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद थे, तभी पड़ोसी राजेश, राजू, भानू और बैसाखूराम लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में उनके परिवार के कई लोगों को भी चोटें आई हैं।

दोनों पक्षों पर दर्ज हुई एफआईआर

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। कोनी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंटर रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।