बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर की पॉश कॉलोनी रामावैली में एक वकील द्वारा सरेआम हथियार लहराकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पीकर हथियार लहराने का आरोप
जानकारी के अनुसार, रामावैली निवासी वकील अंशुमन श्रीवास्तव अपने घर के बाहर शराब का सेवन कर रहा था। इस दौरान उसके हाथ में पिस्टल, तलवार और फरसा जैसे हथियार थे, जिनसे वह आने-जाने वाले लोगों को डराता नजर आया।
वीडियो वायरल होने पर पहुंची पुलिस
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद सीएसपी निमितेश सिंह परिहार, एसीसीयू टीम और चकरभाठा थाना प्रभारी उमेश साहू मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
घर की घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के घर L-5, मकान नंबर 124 की घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक 32.5 इंच की तलवार, काले रंग की पिस्टल और फरसा नुमा कुल्हाड़ी बरामद की गई।
गवाही से कतराए लोग, वीडियो बना सबूत
कॉलोनी के लोग दहशत के कारण सामने आकर गवाही देने से कतराते रहे। हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए।





