May 15, 2026

बिलासपुर में लेंसकार्ट स्टोर्स पर भगवा ब्रिगेड का प्रदर्शन, ड्रेस कोड विवाद को लेकर हंगामा

बिलासपुर। देश के विभिन्न हिस्सों में चश्मा कंपनी लेंसकार्ट के ड्रेस कोड विवाद को लेकर जारी विरोध के बीच सोमवार को बिलासपुर में भी प्रदर्शन देखने को मिला। भगवा ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग लेंसकार्ट स्टोर्स पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी के मालिक पीयूष बंसल द्वारा संचालित स्टोर्स में हिंदू धर्म से जुड़े प्रतीकों जैसे तिलक, कलावा, बिंदी और मंगलसूत्र पहनने पर रोक लगाई जा रही है, जबकि अन्य समुदायों से जुड़े धार्मिक प्रतीकों पर कोई रोक नहीं है। इसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया।

भगवा ब्रिगेड के करीब 20 कार्यकर्ता सरकंडा, व्यापार विहार और मुंगेली नाका चौक स्थित लेंसकार्ट दुकानों पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने स्टाफ को तिलक लगाकर और कलावा बांधकर विरोध दर्ज कराया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि निर्देश वापस नहीं लिए गए तो भविष्य में दुकानों में तालाबंदी की जाएगी।

वहीं, प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन के खिलाफ भी कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कंपनी ने दी सफाई
इस पूरे विवाद पर लेंसकार्ट ने पहले ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बयान जारी कर सफाई दी है। कंपनी ने कहा है कि उनके नए ‘इन-स्टोर स्टाइल गाइड’ में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों जैसे तिलक, बिंदी, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, कड़ा, हिजाब और पगड़ी को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया गया है।

कंपनी ने यह भी कहा कि यदि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंची है तो उन्हें खेद है और भविष्य में सभी नीतियां समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित रहेंगी।