May 14, 2026

बिलासपुर में बिजली गिरने से मासूम की मौत, 45 लाख की चांदी गायब; फ्लाइट रद्द होने से यात्री परेशान

बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक की मौत

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतू स्थित घासीपूंजी इलाके में शनिवार शाम मौसम खराब होने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक दीपक पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। बताया गया कि दीपक अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक तेज बारिश और बिजली कड़कने लगी। इसी दौरान गिरी बिजली की चपेट में दीपक समेत दो बच्चे आ गए। परिजन दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डिलीवरी के दौरान 45 लाख की चांदी गायब

बिलासपुर। शहर में कुरियर डिलीवरी के दौरान करीब 45 लाख रुपए कीमत की चांदी गायब होने का मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के संचालक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार रायपुर से वीआईपी कुरियर के माध्यम से करीब 18 किलो चांदी बिलासपुर भेजी गई थी। डिलीवरी के दौरान 10 किलो चांदी वाला पार्सल तो पहुंच गया, लेकिन करीब 8 किलो चांदी से भरा दूसरा पार्सल गायब हो गया। कुरियर ब्वॉय ने पुलिस को बताया कि सत्या सर्विसेस से डॉक्टर लाडीकर अस्पताल के बीच रास्ते में पार्सल गिर गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी

बिलासपुर। बिलासपुर-दिल्ली शाम की सीधी उड़ान सेवा शुरू होने के एक सप्ताह के भीतर ही तकनीकी कारणों से फ्लाइट रद्द हो गई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार शाम संचालित होने वाली फ्लाइट एलाइंस एयर के एक विमान के ग्राउंडेड होने के कारण रद्द कर दी गई। इससे 50 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। एयरलाइंस ने टिकट राशि वापस कर दी, लेकिन यात्रियों में नाराजगी बनी रही।

‘ओपन टेंडर’ से निजी एयरलाइंस को मौका देने की मांग

बिलासपुर। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने राज्य सरकार से बिलासपुर सहित छोटे एयरपोर्टों के लिए ओपन टेंडर जारी कर निजी एयरलाइंस कंपनियों को उड़ान संचालन की अनुमति देने की मांग की है। समिति का कहना है कि केवल एलाइंस एयर के भरोसे बेहतर हवाई सुविधा संभव नहीं है। इंडिगो, स्पाइसजेट, स्टार एयर और फ्लाई-91 जैसी कंपनियों को भी उड़ान संचालन का मौका दिया जाना चाहिए।

रायपुरा में आज लगेगा समाधान शिविर

सक्ती। सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत हाई स्कूल रायपुरा में रविवार को समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोगों से आवेदन लिए जाएंगे और विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे।

कटघोरा में खुलेगी लाइब्रेरी

कोरबा। जिला प्रशासन ने कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में लाइब्रेरी खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को सुविधा देने के उद्देश्य से पहले चरण में अस्थायी रूप से शासकीय भवन में लाइब्रेरी शुरू की जाएगी। बाद में नए भवन का निर्माण कर लाइब्रेरी को वहां शिफ्ट किया जाएगा।

जेल भेजने की धमकी देकर 40 हजार मांगने वाला गिरफ्तार

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने दुष्कर्म मामले में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपए वसूलने की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्याम भोजवानी पर युवक के परिवार को धमकाकर मामला सेट कराने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है। पुलिस ने ऑडियो क्लिप समेत अन्य साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।