बिलासपुर। अफेयर और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर शुरू हुआ विवाद उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब लिव-इन में रह रही युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला सकरी थाना पहुंचा, जहां घंटों तक हंगामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के कुदुदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक दूसरी युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और साल 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उनकी सात महीने की एक बेटी भी हुई।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में युवती ने अपने बॉयफ्रेंड की पिटाई कर दी। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर गई। थाने में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश की।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों के बीच स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया। समझौते के अनुसार दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया। इसमें यह भी उल्लेख किया गया कि उनकी सात महीने की बेटी अपनी मां के पास रहेगी।
हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। वायरल वीडियो में युवती युवक की पिटाई करती नजर आ रही है, जिसे लेकर इलाके में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं वायरल वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





