May 13, 2026

बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला बेलगहना थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के रूप में हुई है। ससुराल पक्ष ने परिजनों को सूचना दी कि दीक्षा की पलंग से गिरने के कारण मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि दीक्षा को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मौत से पहले दीक्षा ने अपने भाई को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। परिजनों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने दीक्षा से बात कराने की कोशिश की तो उसके ससुर ने मना कर दिया। कुछ देर बाद उन्हीं की ओर से मौत की सूचना दी गई। ऐसे में परिजन इस पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए साजिश की आशंका जता रहे हैं।

परिजनों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।