अचानक निरीक्षण से मचा हड़कंप
बिलासपुर। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने विकास भवन स्थित निगम मुख्यालय का औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया। शाम 4:30 बजे पहुंचे कमिश्नर ने विभिन्न शाखाओं में जाकर कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की।
ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारी, नोटिस जारी
निरीक्षण के दौरान योजना शाखा के दो कर्मचारी अपनी सीट से नदारद मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएम आवास शाखा में लंबित मामलों पर नाराजगी
पीएम आवास शाखा की समीक्षा के दौरान कई आवेदन लंबे समय से लंबित पाए गए। इस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिलना चाहिए।
भवन शाखा सहित अन्य विभागों की जांच
भवन शाखा में लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पूर्व निर्देश के बावजूद विभागों के बाहर पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
सफाई और व्यवस्था सुधारने पर जोर
निरीक्षण के दौरान कार्यालय की साफ-सफाई और फाइलों के रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कमिश्नर ने कहा कि व्यवस्थित और स्वच्छ कार्यालय से काम की गति बढ़ती है और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलती है।





