September 4, 2026

बिलासपुर में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, लोहे की वस्तु से सिर पर किया वार; CCTV में कैद हुई वारदात

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रेलवे ठेकेदार के चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तोरवा थाना क्षेत्र के RPF कॉलोनी में एक आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से चौकीदार के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

पानी टंकी के पास मिला शव

मामला तोरवा थाना क्षेत्र स्थित RPF कॉलोनी का है। गुरुवार को पानी टंकी के पास कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

घटना की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पुलिस को घटनास्थल से मिले CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने स्टोर रूम के पास रखी लोहे की वस्तु से चौकीदार के सिर पर हमला किया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य सुरागों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।