बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार राहुल साहू पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखंडी में हुई, जहां रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन जोरों पर चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को राहुल साहू कार्रवाई करने ग्राम गढ़वट पहुंचे। रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने पर चालक रितुराज सिंह ने आधी रेत नदी में फेंक दी और ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। नायब तहसीलदार ने रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। साहू ने कूदकर अपनी जान बचाई।
इसके बाद नायब तहसीलदार ने पुलिस को आवेदन दिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को बेलतरा तहसीलदार कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई।
हालांकि प्रशासन ने रेत और ट्रैक्टर की जब्ती नहीं की। ट्रैक्टर चालक पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रह चुका है। पुलिस मामले की जांच जारी रखी है।





