May 13, 2026

Bilaspur News Update : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 3 करोड़ की ठगी, नकली मसाला और सड़क घोटाले ने बढ़ाई चिंता

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शेयर बाजार में निवेश कर डबल मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से करीब 3 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के मुताबिक, विनोबा नगर निवासी विनय कुमार गुप्ता से आरोपी अशोक डिडवानी और रोहित डिडवानी ने अलग-अलग किश्तों में निवेश के नाम पर रकम ली। शुरुआत में मुनाफा देकर भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

सीसी रोड निर्माण में अनियमितता के आरोप

ग्राम पंचायत नेवरा (गनियारी) में मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास योजना के तहत बनी करीब 25 लाख रुपए की सीसी सड़क निर्माण में भारी अनियमितता के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के महज एक महीने के भीतर सड़क कई जगहों से उखड़ने लगी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क की खराब गुणवत्ता दिखाई गई है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में तय मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क निर्माण में सही खुदाई, रेत भराई, पॉलीथिन बिछाने, सीमेंट मिश्रण और पानी तराई जैसे तकनीकी कार्यों में लापरवाही बरती गई। ग्रामीणों ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

एवरेस्ट ब्रांड के कथित नकली मसाले जब्त

व्यापार विहार स्थित श्री मारुति गुड्स गैरेज में खाद्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए एवरेस्ट ब्रांड के कथित नकली मीट मसाले का बड़ा जखीरा जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में करीब 9 बैग मसाले संदिग्ध पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 50 हजार रुपए बताई जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधि द्वारा पैकेजिंग, बैच नंबर और गुणवत्ता की जांच के बाद मसाले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध माना गया। फिलहाल कंपनी से अंतिम लिखित पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

“मैं जिंदा हूं साहब”, बुजुर्ग महिला ने लगाई गुहार

कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में पचपेड़ी की बुजुर्ग महिला गया बाई कुर्रे ने अधिकारियों के सामने हैरान करने वाला मामला रखा। महिला ने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है, जिसके कारण पिछले 9 महीनों से उनका आधार नंबर निष्क्रिय पड़ा है।

आधार निष्क्रिय होने से उनकी पेंशन, राशन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ बंद हो गया है। महिला ने कलेक्टर संजय अग्रवाल से आधार दोबारा सक्रिय कराने की मांग की। मामले ने डिजिटल व्यवस्था की खामियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाइकर्स और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्ती

बिलासपुर पुलिस ने शहर में चाकूबाजी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अभियान चलाया है। बीते डेढ़ महीने में 513 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई।

युवक के अपहरण मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के लैलूंगा में युवक के अपहरण मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने धान व्यापार में बकाया रकम को लेकर रवि नारायण बंजारा का अपहरण किया था।

पुलिस ने विशेष टीम बनाकर रांची में दबिश दी और युवक को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू शामिल हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।