July 23, 2026

Bilaspur News: डीजल चोरी के आरोपियों को छोड़ना पड़ा महंगा, वीडियो वायरल होते ही ASI उमेश उपाध्याय निलंबित

बिलासपुर। बिलासपुर में डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित रूप से छोड़ने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था।

आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद थाने से पांच में से तीन आरोपी – बैसाखू, राजेश और राजू को छोड़ दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंचा।

वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।