बिलासपुर, 28 फरवरी 2026। होली से पहले प्रदेश के किसानों और जिलेवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर प्रवास के दौरान 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपये के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इनमें 15.98 करोड़ रुपये की लागत के 7 कार्यों का लोकार्पण तथा 247.18 करोड़ रुपये के 82 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
24.28 लाख किसानों को 10,324.84 करोड़ की सहायता
बिल्हा विकासखंड के रहंगी खेल मैदान में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री कृषक उन्नति योजना के तहत 24.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि जारी करेंगे।
बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपये मिलेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे।
अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहेंगे।
प्रमुख विकास कार्य
- उच्चस्तरीय पुल निर्माण
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कें
- तखतपुर में नवीन मातृ-शिशु अस्पताल
- बिलासपुर में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय
- स्वास्थ्य केंद्र, छात्रावास निर्माण
- सिंचाई नहरों का जीर्णोद्धार
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
सिम्स में 30 नए बेड, 20 बेड का नया कैजुअल्टी वार्ड
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में सर्जरी और गायनी वार्ड में 15-15 बेड बढ़ाए गए हैं। अब दोनों वार्ड में 85-85 बेड उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा 20 बेड का नया कैजुअल्टी वार्ड शुरू किया जा रहा है। पुराना और नया वार्ड एक साथ संचालित होगा, जिससे इमरजेंसी मरीजों को तुरंत सुविधा मिल सकेगी।
गाय पर हमला, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
सिटी कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर घूम रही गाय पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। घायल पशु का उपचार कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
खरसिया क्षेत्र में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट कर पेट्रोल डालकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी कृष्णा उर्फ गंगाराम सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मुख्य आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
फर्जी पट्टा से जमानत लेने की कोशिश, मामला दर्ज
कोरबा जिला न्यायालय में कूटरचित पट्टे के आधार पर जमानत लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। तहसील सत्यापन में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी जीवनदास महंत के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
होली पर दुर्ग–रायगढ़ स्पेशल ट्रेन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने होली के अवसर पर 2, 3, 5 और 6 मार्च को 08834/08833 दुर्ग–रायगढ़–दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए रायगढ़ पहुंचेगी और वापसी में रात 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।





