March 4, 2026

Bilaspur News: फर्जी ई-चालान से 4.11 लाख की ठगी, ऑटो चालक की पिटाई, स्पा सेंटर और आत्महत्या मामले में कार्रवाई

बिलासपुर। जिले में साइबर ठगी, मारपीट, महिला उत्पीड़न और आत्महत्या से जुड़े मामलों ने सनसनी फैला दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चार बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।


फर्जी ई-ट्रैफिक चालान से 4.11 लाख की ऑनलाइन ठगी

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर तिफरा निवासी मनीष कुमार सोनी के साथ फर्जी ई-ट्रैफिक चालान के नाम पर 4 लाख 11 हजार 777 रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई।

पीड़ित ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से मैसेज आया कि उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल जंप किया है और 2 हजार का चालान कटा है। मैसेज के साथ एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल क्लिक करते ही ऐप मोबाइल में इंस्टॉल हो गया।

इसके बाद 3 फरवरी को उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से अलग-अलग 8 किश्तों में 4.11 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ऑटो चालक की सरेआम पिटाई का वीडियो वायरल

बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में ऑटो चालक की सरेआम पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना अटल आवास के पास की बताई जा रही है।

महिला ने ऑटो चालक पर बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। वीडियो में चालक हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताता दिख रहा है। फिलहाल इस मामले में थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।


स्पा सेंटर संचालिका और मैनेजर पर मामला दर्ज

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सत्यम चौक स्थित आइवरी स्पा सेंटर में काम करने वाली महिला ने संचालिका पूजा ढकाल और मैनेजर नीरू तमंग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता का कहना है कि नौकरी के दौरान उस पर जबरन अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बनाया गया। मना करने पर मानसिक प्रताड़ना दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ब्लैकमेलिंग से त्रस्त महिला ने की खुदकुशी, प्रेमी गिरफ्तार

सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार में दो बच्चों की मां रंजिता यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने प्रेमी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार किया है।

परिजनों के अनुसार इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद आरोपी ने महिला के फोटो लेकर ब्लैकमेल किया और बदनाम करने की धमकी देकर करीब 2 लाख रुपये वसूल लिए। लगातार दबाव से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पर बीएनएस धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।