जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर शहर में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने महज 16 घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
संजय बाजार से हुआ था अपहरण
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय बाजार से 4 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने संजय बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद लगातार तलाश अभियान चलाया गया।
नगरनार के मार्केल से सुरक्षित मिली बच्ची
लगातार करीब 16 घंटे की खोजबीन के बाद पुलिस ने नगरनार थाना क्षेत्र के मार्केल से अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्ची के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पुलिस ने अपहरण करने वाले आरोपी की पहचान कर ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और चोरी के कई मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल वह फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
जल्द होगी गिरफ्तारी: सीएसपी
जगदलपुर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुमीत कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसे जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





