बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बैंक खाते अटैचमेंट को लेकर बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा है कि किसी भी बैंक खाते को अटैच करने के लिए मजिस्ट्रेट का आदेश जरूरी होगा। वहीं बिलासपुर और कोरबा में संदिग्ध मौत, जर्जर सड़क, चोरी, अवैध पटाखा और गांजा तस्करी के मामले भी सामने आए हैं।
बैंक खाते अटैचमेंट पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने ओक्सीजो फाइनेंशियल सर्विसेज की याचिका मंजूर करते हुए पुलिस द्वारा 43.38 लाख रुपए होल्ड करने के आदेश को निरस्त कर दिया। मामला टीएमटी सरिया सप्लाई से जुड़े अपराध से संबंधित था।
चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने BNSS की धारा 106 और 107 की व्याख्या करते हुए कहा कि बैंक खाते पर अटैचमेंट के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति आवश्यक होगी।
ट्रक में मिली ड्राइवर की लाश
चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम सेंवार में नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रक में ड्राइवर की संदिग्ध हालत में लाश मिली। मृतक की पहचान वाराणसी निवासी बृजेश गिरी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में मौत की वजह भीषण गर्मी या अत्यधिक शराब सेवन बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जर्जर सड़कों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बिल्हा क्षेत्र के नगपुरा कड़ाड, सेंवर, धमनी, झाल, कया और बरतोरी गांवों की बदहाल सड़कों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द सड़क मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उनका कहना है कि बारिश में सड़कें जानलेवा बन जाती हैं और एम्बुलेंस तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
एसी कॉपर वायर चोर गैंग सक्रिय
कोरबा में एसी के कॉपर वायर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। ट्रांसपोर्ट नगर प्रेस कॉम्प्लेक्स में चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। इससे पहले भी कोसाबाड़ी कॉम्प्लेक्स में कई दुकानों से कॉपर वायर चोरी हो चुके हैं।
तालाब में डूबने से छात्र की मौत
बोदरी के बैराग तालाब में नहाने गए बीए प्रथम वर्ष के छात्र हिमांशु कौशिक की डूबने से मौत हो गई। वह अपने भाइयों के साथ तालाब में नहाने उतरा था और गहरे पानी में चला गया।
अवैध पटाखों के साथ आरोपी गिरफ्तार
कोरबा पुलिस ने न्यू रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। मामले में आरोपी लोचन प्रसाद केसरवानी को गिरफ्तार किया गया है।
गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस ने ग्राम बरभाठा बेलतरा में कार्रवाई कर आरोपी नीरज कुमार नेताम को गिरफ्तार किया है। उसके घर से 1.164 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई जा रही है।





