March 4, 2026

Bilaspur News Update: महानदी में अवैध माइनिंग पर हाईकोर्ट सख्त, फर्जी अंकसूची कांड में दो गिरफ्तार

महानदी में अवैध उत्खनन पर हाईकोर्ट की सख्ती

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महानदी में अवैध माइनिंग और नदी में माइनिंग वेस्ट डालने के मामले को गंभीरता से लिया है। चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने रायपुर जिले के आरंग तहसील के ग्राम निस्दा में लीज एरिया से बाहर खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं।

कोर्ट ने सेक्रेटरी, माइंस एंड मिनरल्स रिसोर्स डिपार्टमेंट को व्यक्तिगत हलफनामा (पर्सनल एफिडेविट) पेश कर जवाब देने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 26 फरवरी को होगी।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, स्वीकृत लीज क्षेत्र से लगभग पांच गुना ज्यादा क्षेत्र में फ्लैगस्टोन, फरसीस्टोन और लाइम स्टोन का उत्खनन किया जा रहा था। महानदी में माइनिंग वेस्ट डालने से करीब 400 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हुई है। साथ ही लीज होल्डरों की पर्यावरणीय स्वीकृति पिछले तीन वर्षों से समाप्त बताई गई है।

फर्जी अंकसूची से नौकरी पाने वाले दो गिरफ्तार

रायगढ़। ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में दसवीं की फर्जी अंकसूची अपलोड कर नौकरी पाने वाले एक महिला और एक पुरुष अभ्यर्थी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

अधीक्षक डाकघर रायगढ़ संभाग की शिकायत पर कार्रवाई हुई। जुलाई 2023 की भर्ती में सक्ती जिले के नरेंद्र कुमार और सोनम साहू ने तमिलनाडु बोर्ड की फर्जी मार्कशीट लगाई थी। सत्यापन में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले में कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर फरार है।

तेज रफ्तार कार की ठोकर से इंजीनियर घायल

बिलासपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इंजीनियर आशीष कमलेश सड़क निरीक्षण के लिए जा रहे थे, तभी रतनपुर खंडोबा मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में उनके कमर और पैर में गंभीर चोट आई है। हेलमेट पहने होने से उनकी जान बच गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अपोलो अस्पताल रेफर किया गया।

मर्डर केस में दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार

जांजगीर। शिवरीनारायण मेले से लौट रहे राहुल चौहान की हत्या कर शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजवीर अनंत सहित दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।

हाथी प्रभावित केंद्रों में धान उठाव ठप

कोरबा। जिले में 27.47 लाख क्विंटल धान खरीदी गई थी, जिसमें से करीब 11 लाख क्विंटल धान अब भी उपार्जन केंद्रों में जाम है। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) नहीं कटने से उठाव प्रभावित है।

प्रशासन और मिलर्स के बीच समन्वय के प्रयास जारी हैं।