बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में मंगलवार सुबह दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
मध्यप्रदेश के अनूपपुर का रहने वाला था परिवार
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे अपने दो बच्चों के साथ बिलासपुर में किराए के मकान में रह रहे थे।
रमेश सिंह औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में काम करता था। परिवार के साथ वह किराए के मकान में रह रहा था।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक पहुंचा
घटना का पता मंगलवार सुबह करीब 5 बजे चला। बताया जा रहा है कि मकान मालिक रमेश कुमार साहू को दोनों बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मकान के अंदर पहुंचे।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद मकान मालिक ने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पति-पत्नी ने यह कदम क्यों उठाया और घटना से पहले उनके बीच या परिवार में किसी तरह की परेशानी थी या नहीं।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। माता-पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।





