September 4, 2026

Bilaspur News: शराब दुकान के पास युवक की चाकू घोंपकर हत्या, भाई ने भाई को सब्बल से मारा; संपत्ति विवाद में भाभी की मौत, सड़क हादसे में 2 युवकों की जान गई

बिलासपुर। जिले और आसपास के इलाकों से अपराध और हादसे की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। सिरगिट्टी क्षेत्र में शराब दुकान के पास मामूली धक्का-मुक्की के विवाद में युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वहीं हरदीकला टोना गांव में भाई ने अपने ही भाई पर सब्बल से हमला कर उसकी जान ले ली। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में संपत्ति विवाद में भाभी की मौत हो गई, जबकि रायगढ़ में तेल टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

शराब दुकान के पास चाकू घोंपकर युवक की हत्या

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना स्थित शराब दुकान के पास 28 अगस्त की शाम मामूली धक्का-मुक्की को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने राकेश प्रजापति के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राकेश अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ शराब दुकान पहुंचा था। वहां दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हुआ। दुकान के बाहर विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने राकेश पर चाकू से हमला कर दिया।

सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजा मनहर (25), निवासी कोरमी मोड़ सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

तालाब में मिली युवक की लाश

तखतपुर क्षेत्र के ग्राम सरैया में एक युवक की लाश तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मनय, पिता मदन राजपूत के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मनय रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब 2:30 बजे परिजन और ग्रामीण उसे तलाशते हुए तारबांध तालाब के पास पहुंचे, जहां युवक अचेत अवस्था में मिला। तालाब के दूसरी ओर नाले के पास उसकी बाइक खड़ी थी और तालाब के पास चप्पल मिली।

परिजन और ग्रामीण उसे लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के मेमो के आधार पर पुलिस ने जीरो में मर्ग कायम किया है। घटना जूनापारा चौकी क्षेत्र की होने के कारण मामले को विवेचना के लिए वहां भेजा जाएगा। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

भाई की सब्बल से वार कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में रक्षाबंधन के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भांजा-भांजी से विवाद के बाद गाली-गलौज को लेकर सुदर्शन कुर्रे का अपने भाई सुभाष कुर्रे से विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर सुदर्शन ने पहले लाठी से मारपीट की। लाठी छीने जाने के बाद आरोपी घर से लोहे का सब्बल लेकर आया और सुभाष के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव में छिपे सुदर्शन कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

संपत्ति विवाद में देवर ने भाभी की हत्या की

जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में संपत्ति विवाद को लेकर हुई मारपीट में महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुनीराम साहू और जनकराम साहू दो भाई हैं। दोनों को नाना से मिली संपत्ति का बंटवारा पहले ही हो चुका था, लेकिन छोटा भाई जनकराम संपत्ति कम मिलने की बात को लेकर अक्सर विवाद करता था।

शनिवार रात करीब साढ़े 7 बजे दोनों भाइयों के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में जनकराम ने अपने बड़े भाई पुनीराम पर लाठी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भाभी ननकी नोनी साहू के सिर पर भी आरोपी ने लाठी से कई वार कर दिए।

दोनों को गंभीर हालत में पामगढ़ सीएचसी ले जाया गया, जहां से बिलासपुर रेफर किया गया। रास्ते में ननकी नोनी की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

तेल टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन मनाकर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को तेल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम रुचिदा निवासी यशवंत सिदार (26) अपने चचेरे भाई चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ राखी बंधवाने ग्राम गोडम गया था। शाम करीब 6:30 बजे तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। ग्राम टिमरलगा के पास पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे तेल टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक चला रहे कृष्णा विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। यशवंत और चित्रा गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां यशवंत सिदार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं चित्रा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।