बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। बिलासपुर में सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 17 अगस्त को भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को बिलासपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।
ड्राई डे पर अवैध शराब बिक्री, आरोपी गिरफ्तार
ड्राई डे के दिन बिलासपुर में अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। कोटा पुलिस ने डाक बंगला इलाके में छापेमारी कर देशी और विदेशी शराब की 57 बोतलें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी चंद्रमोहन साहू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 21 नग अंग्रेजी शराब, 17 नग शोले देशी मसाला, 15 नग शेरा देशी प्लेन और 4 नग रोमियो शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 5,740 रुपये बताई गई है। इसके अलावा अवैध शराब बिक्री से प्राप्त 2,150 रुपये भी पुलिस ने जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
साइबर ठगी के खिलाफ 15 अगस्त से विशेष अभियान
बिलासपुर में साइबर अपराधों के खिलाफ 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, फर्जी कॉल, जॉब फ्रॉड और फिशिंग जैसी साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी लोगों को दी जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। 2 अक्टूबर को अभियान का समापन होगा।
रेलवे लोको पायलट के सूने मकान में 10 लाख की चोरी
सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित पंचाली विहार में चोरों ने रेलवे लोको पायलट के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोरों ने पहले चैनल गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद मुख्य दरवाजा उखाड़कर घर में प्रवेश किया। बेडरूम में रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे जेवरात लेकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मकान मालिक सतानंद जंघेल रेलवे में लोको पायलट हैं। वे 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ बच्चे की शतरंज प्रतियोगिता में शामिल होने भिलाई गए थे। अगले दिन पड़ोसी राजेश सोनी ने उन्हें फोन कर घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सतानंद परिवार के साथ बिलासपुर पहुंचे, जहां पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
घर के अंदर जांच करने पर चैनल गेट और मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त मिला। बेडरूम की आलमारी का दरवाजा और लॉकर टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, लॉकर में रखे तीन सोने के सेट, डायमंड अंगूठी, दो मंगलसूत्र, सोने की चूड़ियां, दो सोने की चेन, डायमंड रिंग, चोकर, हार, सीताहार, बाली, टॉप्स समेत चांदी की चार पायल और 10 बिछिया चोरी हुई हैं। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।





