बिलासपुर। बिलासपुर और आसपास के जिलों में बुधवार को कई महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आए। सीपत पुलिस ने घर में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं सिरगिट्टी क्षेत्र में गौवंश से क्रूरता का मामला सामने आया है। लोरमी में मकान से पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। इसके अलावा ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, भूपेश बघेल का बिलासपुर दौरा और बिजली बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई भी चर्चा में रही।
घर का ताला तोड़कर चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभाठा में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दिनेश सोनवानी और सनिता कौसले को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक दिनेश ने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े जाने के डर से उसने चोरी के जेवर अपनी सहयोगी सनिता के पास छिपा दिए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दिनेश को पकड़ा। पूछताछ में चोरी का खुलासा होने के बाद महिला सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। इसमें 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के जेवर शामिल हैं।
गौवंश से क्रूरता का आरोप, CCTV में कैद हुई पिटाई
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में गौवंश के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि फसल खाने पर गौवंश को बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी। पशु सेवकों की शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद गढ़वाल और अशोक गढ़वाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ईद मिलादुन्नबी पर आज निकलेगा जुलूस
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बिलासपुर में आज विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। करीब 47 वर्षों से आयोजित किया जा रहा पारंपरिक जुलूस इस बार भी निकाला जाएगा।
जुलूस दोपहर 2:30 बजे सत्यम चौक से रवाना होगा। यह लिंक रोड, तारबाहर चौक, पुराना हाईकोर्ट, गांधी चौक और जूना बिलासपुर होते हुए गोल बाजार पहुंचेगा। यहां नमाज-ए-असर अदा की जाएगी। इसके बाद जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए ईदगाह पहुंचेगा, जहां परचम कुशाई की रस्म और नमाज अदा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार जुलूस में डीजे, पावर जोन, ऑटो, ई-रिक्शा और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लाने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
भूपेश बघेल आज बिलासपुर दौरे पर
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बिलासपुर शहर प्रवास पर रहेंगे। वे बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के मोहभट्ठा शिव मंदिर में रुद्राभिषेक और शिव पूजा में शामिल होंगे।
भूपेश बघेल दोपहर 12:40 बजे रायपुर से रवाना होकर करीब 2:50 बजे मोहभट्ठा शिव मंदिर पहुंचेंगे। रुद्राभिषेक के बाद वे भिलाई निवास के लिए रवाना होंगे। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
बिलासपुर-अलहंका ट्रेन को तोखन साहू दिखाएंगे हरी झंडी
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। वे बिलासपुर-अलहंका-बिलासपुर साप्ताहिक ट्रेन के नियमित परिचालन का लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 1 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर होगा। नई ट्रेन सेवा के नियमित संचालन से बिलासपुर और अलहंका के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लोरमी में मकान से पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश मिली
लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में एक मकान से पति-पत्नी की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के बेटे पिछले चार दिनों से अपने माता-पिता को फोन कर रहे थे, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद पड़ोसियों को घर जाकर देखने के लिए भेजा गया। मकान के बाहर ताला लगा था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
अंदर एक खाट पर नंदकुमार कश्यप (52) और दूसरी खाट पर उनकी पत्नी गौरी कश्यप (50) की लाश मिली। दोनों शव सड़ी-गली अवस्था में थे।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स, बिलासपुर भेजा गया है।
SDOP माधुरी धिरही के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बिजली बकायादारों पर बड़ी कार्रवाई, 293 कनेक्शन काटे
जांजगीर-चांपा में बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। अधीक्षण अभियंता अमर चौधरी के निर्देश पर चांपा संभाग में मास डिस्कनेक्शन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 293 बकायादार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 137 उपभोक्ताओं से करीब 60.97 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई।
कार्रवाई के लिए कुल 18 टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने चांपा, जांजगीर, नैला समेत विभिन्न जोन में कार्रवाई की। विभाग के अनुसार जिन 293 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, उन पर कुल 125.99 लाख रुपये की बकाया राशि थी।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
नाबालिग कर्मचारी से छेड़छाड़ के आरोप में व्यवसायी गिरफ्तार
कोरबा में कोतवाली पुलिस ने शारदा टेलीकॉम के संचालक चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। उस पर अपने प्रतिष्ठान में काम करने वाली नाबालिग कर्मचारी से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप है।
नाबालिग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि वह एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा है और छुट्टी मिलने वाली है।
पुलिस टीम ने अस्पताल से निकलने के बाद आरोपी को रास्ते में गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





