September 4, 2026

Bilaspur News: लॉज में ट्रांसपोर्टर ने की आत्महत्या, स्वाइन फ्लू के 7 मरीज मिले; पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। बिलासपुर में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं को लेकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय रहा। पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में कोरबा निवासी ट्रांसपोर्टर प्रतीक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। इसके अलावा तेज रफ्तार बाइक हादसे में तीन युवक घायल हुए और अवैध कबाड़ दुकानों व संदिग्ध बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की।

लॉज में ट्रांसपोर्टर ने की आत्महत्या

कोरबा के दीपका निवासी ट्रांसपोर्टर प्रतीक ने पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनकी दादी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी देखरेख के लिए प्रतीक कोरबा से बिलासपुर आए थे और लॉज में रुके हुए थे।

घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पिछले 7-8 महीने से डिप्रेशन में होने की बात लिखी गई है। साथ ही उन्होंने अपने मम्मी-पापा से माफी मांगी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्वाइन फ्लू के 7 मरीज मिले

बिलासपुर जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों का उपचार जारी है। इनमें चार मरीजों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में, एक मरीज का रायपुर में और दो मरीजों का जन स्वास्थ्य केंद्र गनियारी में इलाज चल रहा है।

सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि जिले में अब तक सात पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। मरीजों के मिलने वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सर्वे कर रही हैं और संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। सिम्स में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतने, चिकित्सकीय सलाह लेने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की अपील की है।

तेज रफ्तार बाइक फुटपाथ से टकराई, 3 घायल

नेहरू नगर इलाके में देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फुटपाथ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें बाइक चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

बताया गया कि बाइक नर्मदा नगर की ओर से आ रही थी और साईं मंदिर के पास अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

15 अवैध कबाड़ दुकानों पर कार्रवाई

शहर में संचालित अवैध कबाड़ दुकानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिरगिट्टी और चकरभाठा क्षेत्र में संचालित 15 अवैध कबाड़ दुकानों के संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

चेकिंग अभियान में तलवार और 5 चाकू बरामद

सिरगिट्टी पुलिस ने गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा समेत संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 50 संदिग्धों और गुंडा बदमाशों की जांच की गई।

पुलिस ने छह आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच चाकू बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी रोहित धुरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।