बिलासपुर। विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) ऐप में पंजीयन को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल की नाराजगी के बाद जिला शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिले के 4 हजार से अधिक शिक्षकों का वेतन इस महीने रोका जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय तांडे ने सभी बीईओ को पत्र जारी कर साफ निर्देश दिए हैं कि जिन शिक्षकों ने अब तक वीएसके पोर्टल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपस्थिति और अपार आईडी नहीं बनाई है, उनका वेतन आहरण न किया जाए। कलेक्टर के निर्देश के बाद बीईओ पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
डीईओ ने पत्र में लिखा है कि बार-बार निर्देश के बावजूद वीएसके पोर्टल में पंजीयन की गति बेहद धीमी है। यदि शत-प्रतिशत पंजीयन और अपार आईडी का काम पेंडिंग रहता है तो संबंधित शिक्षकों को वेतन नहीं मिलेगा।
📌 मुख्य सचिव करेंगे समीक्षा
डीईओ ने बताया कि 02 फरवरी 2026 को होने वाली कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव द्वारा वीएसके पोर्टल में ऑनलाइन पंजीयन और उपस्थिति की समीक्षा की जाएगी।
बीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि 27 जनवरी 2026 तक प्रत्येक विद्यालय में सभी शिक्षकों का वीएसके पोर्टल पंजीयन और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।
🛕 चांटीडीह बस्ती में आज हिन्दू सम्मेलन
बिलासपुर। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ के अवसर पर चांटीडीह बस्ती में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगा।
मुख्य वक्ता आरएसएस के विभाग संघ चालक डॉ. राजकुमार सचदेव होंगे। मुख्य अतिथि प्रहलाद रजक और विशिष्ट अतिथि प्रीति दुबे रहेंगी। कार्यक्रम में भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुति और नाट्य मंचन भी होगा।
📲 पुलिस हुई हाईटेक, बीट प्रभारी की होगी डिजिटल हाजिरी
बिलासपुर। जिले में अब डिजिटल पुलिसिंग की शुरुआत की जा रही है। पुलिस ने एक नया ऐप लॉन्च किया है, जिससे बीट प्रभारी की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज होगी।
संवेदनशील इलाकों में दुकानों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। बीट प्रभारी वहां जाकर स्कैन करेंगे, जिससे अधिकारियों को तुरंत जानकारी मिल जाएगी कि वे अपने क्षेत्र में पहुंचे हैं।
कोतवाली सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि इसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जा रहा है, बाद में पूरे जिले और प्रदेश में विस्तार होगा।
📱 तीन हिस्ट्रीशीटर से लाखों के मोबाइल जब्त
बिलासपुर। एसईसीआर आरपीएफ टीम ने तीन हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1.10 लाख रुपये के चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
दादर-गोंदिया यात्रा के दौरान आईफोन चोरी की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके बाद मनीष कुमार, अरियन नोनिया और देवराज चौधरी को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्टेशन प्लेटफॉर्म पर भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करना कबूल किया। तीनों आरोपी आदतन चोर हैं।
🌿 होटल की आड़ में गांजा बेचने वाला गिरफ्तार
बिलासपुर। कोनी पुलिस ने होटल की आड़ में गांजा बेच रहे युवक रोशन उर्फ छोटू तिवारी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दबिश देकर आरोपी के पास से 2 किलो गांजा बरामद किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
🎲 जुआ खेलते तीन जुआरी पकड़े गए
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने मोपका कुटीपारा में जुआ खेलते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से 5,600 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।





