बिलासपुर। जिले में धोखाधड़ी, अपराध और चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। वहीं तोरवा पुलिस ने चाकू लेकर घूम रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा चौकसे कॉलेज में हुई चोरी का भी खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
व्यापारी से 15 लाख रुपये की ठगी
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के माताचौरा, सरकंडा निवासी व्यापारी फणीन्द्र तिवारी से करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के अनुसार मंगला निवासी संतोष गुप्ता ने खुद को फैक्ट्री और एजेंसी से सीधे जुड़ा बताकर सस्ते दाम पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा दिया। शुरुआत में कम कीमत पर सामान देकर विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने अलग-अलग स्कीम और अधिक मुनाफे का लालच देकर ऑनलाइन और नकद माध्यम से करीब 15 लाख रुपये ले लिए। 26 मार्च के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धारदार चाकू के साथ 4 बदमाश गिरफ्तार
तोरवा थाना पुलिस ने लालखदान क्षेत्र में विशेष पेट्रोलिंग के दौरान चार युवकों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुशल पासी, सुमीत पाल, प्रथम चौहान और शिवम चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार लोहे के धारदार चाकू बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
चौकसे कॉलेज चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
तोरवा थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने चौकसे कॉलेज परिसर में ट्रांसफार्मर ऑयल और कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मतरुण मनहर, भगत केंवट और यशवंत धीरज के रूप में हुई है, जो मस्तुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी किया गया कॉपर वायर बरामद किया है। इस मामले में कॉलेज प्रबंधन की शिकायत पर 25 अप्रैल को एफआईआर दर्ज की गई थी।





