बिलासपुर। जिले में अपराध और लापरवाही से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वहीं अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। इसके अलावा शहर की सड़कों पर युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है।
🚨 नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चंदू केवट ने पहचान का फायदा उठाकर 25 जनवरी की शाम बेर तोड़ने और मछली पकड़ने के बहाने नाबालिग को खारुन नदी किनारे ले गया। वहां आरोपी ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
🐅 ATR में बाघ की मौत, घायल बाघ अब भी लापता
अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के सारसडोल गांव के पास जंगल में एक नर बाघ का सड़ा हुआ शव मिला है। यह शव उस टीम को मिला, जिसे पहले ट्रैप कैमरे में दिखे दो घायल बाघों की तलाश की जिम्मेदारी दी गई थी।
दोनों घायल बाघ पिछले आठ दिनों से लापता हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। जंगल में तैनात टीम उन्हें खोजने में नाकाम रही। बाघ का शव काफी पुराना होने के बावजूद मैदानी अमले को इसकी जानकारी नहीं होना एटीआर प्रबंधन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।
20 जनवरी को ट्रैप कैमरे में दो बाघ घायल अवस्था में खून से लथपथ दिखाई दिए थे, जिनकी लोकेशन में लगभग 5 किलोमीटर का अंतर था। इसके बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
🏍 युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल
26 जनवरी को जब पूरा देश गणतंत्र दिवस मना रहा था, उसी दौरान बिलासपुर की सड़कों पर कुछ युवक कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आए। वायरल वीडियो में युवक गांधी चौक से तोरवा और राजकिशोर नगर इलाके तक जानलेवा बाइक स्टंट करते दिख रहे हैं।
वीडियो से साफ है कि स्टंट काफी देर तक चलता रहा, लेकिन न ट्रैफिक पुलिस ने रोका और न ही पेट्रोलिंग टीम ने हस्तक्षेप किया। राष्ट्रीय पर्व के दिन ऐसी लापरवाही सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
युवकों की हरकतों से राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ती दिख रही है। पहले भी कई मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, बावजूद इसके स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही।





