Bilaspur Latest News: बिलासपुर में भ्रष्टाचार, अपराध और शिक्षा से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। वन विभाग के वनपाल का गांजा पीते वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वहीं TET परीक्षा को लेकर व्यापमं ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। पढ़िए बिलासपुर की प्रमुख खबरें…
🌿 वर्दी में गांजा पीता दिखा वनपाल, वीडियो वायरल
भ्रष्टाचार और अनुशासन पर सख्ती के सरकारी दावों के बीच वन विभाग का शर्मनाक मामला सामने आया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सामाजिक वानिकी विभाग का वनपाल चंदन सिंह खुलेआम चिलम से गांजा पीते नजर आ रहा है। वनपाल वर्तमान में रतनपुर परिक्षेत्र में पदस्थ है।
वीडियो में वह चौकीदार और अन्य लोगों को भी नशा करवाता दिख रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में विभागीय कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार पर बातचीत करते भी सुना जा रहा है।
मामला सामने आने के बाद डीएफओ ने वनपाल को नोटिस जारी किया है। हालांकि आगे की कार्रवाई पर विभागीय अधिकारी अभी स्पष्ट नहीं हैं।
📝 TET परीक्षा 1 फरवरी को, दो घंटे पहले पहुंचे अभ्यर्थी
व्यापमं द्वारा 1 फरवरी 2026 को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित की जाएगी।
समय सारणी:
- कक्षा 1 से 5: सुबह 9:30 से 12:15 बजे तक
- कक्षा 6 से 8: दोपहर 3:00 से 5:45 बजे तक
निर्देश:
- परीक्षा से 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचे।
- 30 मिनट पहले गेट बंद।
- हल्के रंग के आधी बांह कपड़े पहनें।
- काले, नीले, हरे, मैरून, बैंगनी व गहरे रंग वर्जित।
🌾 फार्महाउस से 160 कट्टी धान चोरी
कोटा थाना क्षेत्र में चोरों ने फार्महाउस से 160 कट्टी धान चोरी कर लिया।
घटना उसलापुर गीतांजली नगर निवासी मेघा मराई के घोंघाडीह स्थित फार्महाउस की है। 24 जनवरी की रात ताला तोड़कर चोर धान ले गए। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🏍️ झपट्टा मार मोबाइल लूटने वाले दो युवक गिरफ्तार
चकरभाठा पुलिस ने महिला से मोबाइल झपटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 1 जनवरी की है जब एक महिला त्रिवेणी डेंटल कॉलेज से इलाज कर लौट रही थी। डायमंड होटल के पास बाइक सवार युवकों ने मोबाइल लूट लिया था।
गिरफ्तार आरोपी:
- रोशन श्रीवास (22)
- मोहम्मद सेराज (26)
पुलिस ने चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया है।
💍 सूने मकान से सोने के जेवर और ₹50 हजार चोरी
सकरी थाना क्षेत्र में सूने मकान से चोरों ने सोने के गहने और नकद चोरी कर लिया।
बीएन सिटी लोखंडी निवासी बबीता बोकाडे की मां के किराए के मकान से —
- सोने के टाप्स 2 जोड़ी
- कंगन 2 नग
- चेन
- ₹50,000 नकद चोरी हुए।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।





