September 4, 2026

Bilaspur News Update: IPTV-OTT के नाम पर ₹22 लाख की ठगी, आग से 14 लोगों का रेस्क्यू; 2 मासूमों की मौत

बिलासपुर। शहर में IPTV और OTT सेवा शुरू करने के नाम पर एक कंपनी से 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। वहीं अकलतरा में देर रात कॉम्प्लेक्स में आग लगने से 14 लोग फंस गए, जिन्हें पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा पचपेड़ी क्षेत्र में तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत, रेलवे स्टेशन से 21 किलो गांजे के साथ दंपति की गिरफ्तारी और हत्या के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।

IPTV-OTT सेवा शुरू करने के नाम पर 22 लाख की धोखाधड़ी

बिलासपुर में IPTV और OTT सेवा शुरू करने के नाम पर CCN एंटरटेनमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से 22 लाख रुपये लेने के बावजूद सेवा शुरू नहीं करने का आरोप लगाया गया है। कंपनी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कैटविजन लिमिटेड के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शिकायत में अंकुर रस्तोगी, दिलीप दास, राजेश बैर समेत अन्य अधिकारियों पर सेवा शुरू करने का भरोसा देकर रकम लेने का आरोप है।

कंपनी के मुताबिक, 24 सितंबर 2021 को IPTV-OTT सेवा के लिए परचेज ऑर्डर जारी किया गया था। इसके बाद पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया। सेवा शुरू नहीं होने पर तकनीकी उपकरणों की जरूरत बताते हुए दोबारा 10 लाख रुपये मांगे गए, जिसके बाद 16 मार्च 2022 को चेक के जरिए भुगतान किया गया।

इसके बाद 15 अक्टूबर 2022 को तीसरी किस्त के तौर पर 2 लाख रुपये और दिए गए। इस तरह कंपनी ने कुल 22 लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन करीब चार साल बाद भी सेवा शुरू नहीं हुई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस भुगतान से जुड़े दस्तावेज, परचेज ऑर्डर, चेक और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

कॉम्प्लेक्स में देर रात लगी आग, 14 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

अकलतरा। नगर के अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शन में आग लग गई। गश्त पर निकली पुलिस ने दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलते देखा और तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी।

कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर पांच परिवार रह रहे थे। सीढ़ियों पर आग की तेज लपटें होने के कारण लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। पुलिस ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और 4 बच्चों, 4 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

आग बुझाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और JSW प्लांट से फायर ब्रिगेड बुलाया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत

पचपेड़ी। चिल्हाटी गांव में पिता के साथ तालाब गए दो मासूम भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय दीपू पैकरा और 4 वर्षीय चींटू पैकरा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम पिता भक्त प्रहलाद पैकरा दोनों बेटों को लेकर तालाब गए थे। इसी दौरान वह मोबाइल पर बात करने के लिए कुछ दूरी पर चले गए। इसी बीच छोटा बेटा चींटू तालाब में फिसलकर गिर गया। उसे डूबता देखकर बड़े भाई दीपू ने भी पानी में छलांग लगा दी।

दोनों के डूबने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पानी में उतरकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें मस्तूरी रेफर किया गया। डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

21 किलो गांजे के साथ दंपति गिरफ्तार

बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर RPF और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पति-पत्नी को 21 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ट्रॉली बैग में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे।

जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

तोरवा। रंजिश के चलते मारपीट कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी संतोष पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी घटना के बाद कोलकाता समेत अन्य राज्यों में छिपकर फरारी काट रहा था।

29 मई को रंजिश के चलते ईश्वर गोड के साथ मारपीट की गई थी। गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में सह आरोपी मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

संतोष पासवान के घर लौटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

जंगल में ग्रामीणों पर हमला, एक की मौत

मस्तूरी। रलिया गांव के पास मवेशियों को जंगल छोड़ने गए ग्रामीणों पर 6 से 8 लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मवेशियों को जंगल छोड़ने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। हमले में घायल और मृतक जीवन मेहर को अस्पताल ले जाया गया, जहां जीवन मेहर का सिम्स में पोस्टमार्टम कराया गया।

मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

अड्डेबाजी और नशाखोरी पर पुलिस का शिकंजा

बिलासपुर। शहर में अड्डेबाजी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिरगिट्टी पुलिस ने ऐसे मामलों में चिन्हांकित 9 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

इसके साथ ही अड्डेबाजी के लिए चिन्हित स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।