बिलासपुर। बिलासपुर और आसपास के इलाकों में अपराध और घटनाओं से जुड़ी कई खबरें सामने आई हैं। सरकंडा में घर के अंदर करीब 6 फीट लंबा अहिराज सांप मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं सेंदरी-मोपका बाइपास पर एक ही रात में तीन लोगों से चाकू की नोक पर लूटपाट की गई। इसके अलावा मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घर में निकला 6 फीट लंबा अहिराज, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर चतुर्वेदी कॉलोनी में देर रात एक घर के अंदर करीब 6 फीट लंबा अहिराज सांप मिलने से हड़कंप मच गया। सांप को देखते ही घरवालों ने स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे कोनी के जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
स्कूटी से शराब ले जा रहे दो नाबालिग पकड़े गए
बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूटी से 40 नग देशी शराब ले जा रहे दो नाबालिगों को पकड़ा है। उनके कब्जे से कुल 7.2 लीटर देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों दगौरी शराब भट्ठी से शराब खरीदकर ले जा रहे हैं। इसके बाद उड़गन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा गया। तलाशी में स्कूटी की डिक्की से 20 नग और सफेद झोले से 20 नग देशी प्लेन शराब मिली।
जिला न्यायालय के सामने अधिवक्ता से मारपीट, चाकू से हमला
बिलासपुर। जिला न्यायालय के सामने कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद युवकों ने एक अधिवक्ता के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि बाद में बदमाशों ने उनका पीछा किया और रात में चाकू से हमला भी किया।
27 खोली इंद्रसेन नगर निवासी सत्यम सिंह (27) ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अधिवक्ता के मुताबिक सोमवार दोपहर जिला न्यायालय से लौटते समय शिव मंदिर के पास एक कार चालक ने सड़क पर वाहन खड़ा कर रखा था। उन्होंने कार को सड़क किनारे करने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद हुआ और चालक ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी।
रात में शहर लौटने के दौरान एक्टिवा सवार युवकों ने उनका पीछा किया। मोहल्ले के पास आरोपियों ने उनकी कार रुकवाई और एक युवक कार के अंदर घुसकर मारपीट करने लगा। इस दौरान चाकू से हमला किए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एक ही रात में तीन लोगों से लूट, 71 हजार से ज्यादा का माल लूटा
बिलासपुर। सेंदरी-मोपका बाइपास रोड पर चार बदमाशों ने एक ही रात में तीन लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट की। लाल-काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर मोबाइल, बैग और अन्य सामान लूट लिया।
पहली घटना में नगोई निवासी टिकेश्वर मिश्रा को रात करीब 11 बजे बदमाशों ने रोका। आरोपियों ने बेल्ट से मारपीट की और चाकू दिखाकर मोबाइल व बैग लूट लिया। बैग में ATM, पासबुक कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, रेनकोट, टिफिन और चार्जर था।
इसी दौरान अभिनव शास्त्री को भी बदमाशों ने चाकू दिखाकर मोबाइल और दस्तावेजों वाला बैग लूट लिया। रात करीब 9 बजे नितेश यादव को भी चार बदमाशों ने रोककर दो मोबाइल लूट लिए। दोनों मोबाइल की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
तीनों घटनाओं में कुल करीब 71,500 रुपये का सामान लूटे जाने की जानकारी सामने आई है। वारदात का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस को आशंका है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह हो सकता है। सरकंडा पुलिस ने BNS की धारा 309(4) और 309(6) के तहत मामला दर्ज कर CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सक्ती। शहर के महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट चोरी करने के मामले में सक्ती पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मुकुट की अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के निवासी सतीश दुबे (37) और रायगढ़ जिले के निवासी ननकी राम चौहान (44) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने मिलकर मंदिर से मुकुट चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का मुकुट बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस सतीश दुबे के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मंदिरों में हुई चोरी की अन्य घटनाओं से उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।





