July 31, 2026

Bilaspur News Update: बैंक में सेंधमारी की कोशिश, छेड़छाड़ के आरोपी गिरफ्तार, करंट से महिला की मौत समेत पढ़ें 5 बड़ी खबरें

बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में सोमवार को अपराध, दुर्घटना और प्रशासनिक गतिविधियों से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आईं। रतनपुर में ग्रामीण बैंक में सेंधमारी की कोशिश, लोरमी में महिला और नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी, सिरगिट्टी में करंट लगने से महिला की मौत, रेलवे में बॉडी वॉर्न कैमरों की शुरुआत और सक्ती में किशोर के लापता होने की घटना प्रमुख रही।

बैंक में सेंधमारी की कोशिश, ATM में भी तोड़फोड़

रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने सेंधमारी का प्रयास किया। चोरों ने बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की और परिसर में लगे एटीएम में भी तोड़फोड़ की। हालांकि वे नकदी या अन्य सामान चोरी करने में सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घर में घुसकर महिला और नाबालिग से छेड़छाड़, दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली जिले के लोरमी में घर में घुसकर महिला और उसकी नाबालिग रिश्तेदार से छेड़छाड़ करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अरविंद राजपूत और लखन राजपूत के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

करंट की चपेट में आने से महिला की मौत

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में सोमवार सुबह करंट लगने से 40 वर्षीय आशा देवी रजक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सुबह चाय बनाने के लिए किचन जा रही थी, तभी शेड और लोहे की सीढ़ी में उतरे करंट की चपेट में आ गई। परिजन उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

140 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को मिले बॉडी वॉर्न कैमरे

यात्रियों की सुरक्षा और टिकट जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बिलासपुर रेलवे मंडल ने 140 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल विशेष रूप से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने में मददगार साबित होगी। कैमरों से टिकट जांच के दौरान पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड होगी, जिससे विवाद की स्थिति में निष्पक्ष जांच संभव होगी।

बाराद्वार रेलवे स्टेशन से 14 वर्षीय किशोर लापता

सक्ती जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्हाडीह निवासी प्रांशु साहू (14) 29 जून से लापता है। परिजनों के अनुसार, उसे आखिरी बार बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया था। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हैं। यदि किसी को किशोर के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या परिजनों को सूचना देने की अपील की गई है।