July 31, 2026

Bilaspur News Update: ब्लेड से हमला करने वाला गिरफ्तार, अपहरण-फिरौती केस का मुख्य आरोपी पकड़ा गया, डॉ. अंगेश चन्द्रा होंगे सम्मानित

बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अपराध और शिक्षा जगत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। ब्लेड से जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अपहरण कर फिरौती मांगने वाले मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया गया है। इसके अलावा बारात में चाकूबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार हुआ है और वैज्ञानिक डॉ. अंगेश चन्द्रा को राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चुना गया है।

ब्लेड से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

15 जून को युवक की गर्दन पर ब्लेड से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी मो. समीर को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद अपनी स्कूटी रेलवे स्टेशन पार्किंग में छोड़कर महाराष्ट्र के भंडारा भाग गया था। पुलिस ने उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ब्लेड और स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

अपहरण कर फिरौती मांगने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी इशान सारथी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को जंगल ले जाकर उसकी तस्वीरें खींचीं और उसकी मां से पुलिस केस रफादफा कराने के नाम पर फिरौती मांगी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बारात में चाकूबाजी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिल्हा थाना क्षेत्र के बिटकुली गांव में बारात के दौरान हुए विवाद में चाकू से हमला करने वाले आरोपी पकलू बंजारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने तीन युवकों पर हमला किया था, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

डॉ. अंगेश चन्द्रा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

सारागांव स्थित नवीन महाविद्यालय में पदस्थ भौतिक विज्ञानी एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. अंगेश चन्द्रा का चयन ‘कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान 2026’ के लिए किया गया है। अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए यह सम्मान दिया जाएगा। उन्हें 15 अगस्त को आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।