September 4, 2026

Bilaspur News Update: सराफा बाजार आधे दिन बंद, NEET UG काउंसिलिंग शुरू… चेन स्नेचर गैंग के 9 आरोपी गिरफ्तार, नदी किनारे जुआ खेलते 4 धराए

बिलासपुर। बिलासपुर में आज कई अहम घटनाक्रम सामने आए हैं। एचयूआईडी और हॉलमार्क व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर सराफा कारोबारी प्रदर्शन करेंगे। वहीं CIMS में NEET UG की MBBS काउंसिलिंग शुरू होगी। पुलिस ने बसों में चेन चोरी करने वाले 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शादी का झांसा देकर महिला के शारीरिक शोषण के आरोप में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। अरपा नदी किनारे जुआ खेलते चार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। वहीं अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम की टीम और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है।

एचयूआईडी और हॉलमार्क व्यवस्था के विरोध में सराफा कारोबारी करेंगे प्रदर्शन

एचयूआईडी, हॉलमार्क और सोना जांच व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर बिलासपुर के सराफा कारोबारी आज प्रदर्शन करेंगे। इसके तहत सराफा बाजार आधे दिन बंद रखा जाएगा। कारोबारी सदर बाजार से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे।

पैदल मार्च के बाद कारोबारी कलेक्टर को प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। बताया गया है कि यह अभियान केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में सराफा कारोबारी प्रदर्शन और विभिन्न गतिविधियों के जरिए अपनी मांगें रखेंगे।

CIMS में NEET UG काउंसिलिंग आज से

छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) बिलासपुर में NEET UG के तहत MBBS में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया आज से शुरू होगी। मेडिकल कॉलेज में कुल 150 MBBS सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

इनमें 124 सीटें स्टेट कोटे, 22 सीटें ऑल इंडिया कोटे और 4 सीटें सेंट्रल पूल के लिए आरक्षित हैं। काउंसिलिंग को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

काउंसिलिंग शुरू होने से पहले CIMS के डीन और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

बसों में चेन चोरी करने वाला गैंग पकड़ा, 7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार

बिलासपुर पुलिस ने बसों में यात्रियों को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पारधी गैंग के तरीके से बसों में वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों को कोरबा जिले के कोनकोना से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बसों में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों की चेन चोरी करते थे और बाद में चोरी का सामान बेचकर रकम हासिल करते थे।

पुलिस ने चोरी की चेन बेचने से मिले 8 हजार रुपये बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरोह की अन्य वारदातों और फरार सदस्यों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

शादी का झांसा देकर महिला का शोषण, आरोपी गिरफ्तार

सरकंडा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप में महेन्द्र बानी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता और आरोपी की पहचान वर्ष 2020 में हुई थी। दोनों स्वामी आत्मानंद स्कूल तारबाहर में साथ काम करते थे। इसी दौरान आरोपी ने महिला को बताया कि उसका तलाक का मामला चल रहा है और तलाक होने के बाद वह उससे शादी करेगा।

महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में शादी से मुकरने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पीड़िता के मुताबिक 16 और 17 अगस्त को आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ BNS की धारा 69, 296 और 115(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

अरपा नदी किनारे टेंट लगाकर जुआ, 4 गिरफ्तार

चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरैया में अरपा नदी किनारे टेंट लगाकर जुआ खेल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के पहुंचते ही कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नदी किनारे टेंट लगाकर जुए की महफिल सजाई गई है। इसके बाद पुलिस टीम ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मलेश साहू, संदीप भारद्वाज, साहिल घोषले और चंद्रप्रकाश भार्गव को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 15,730 रुपये नकद, एक बाइक, 4 मोबाइल फोन, 52 पत्ती ताश, तिरपाल और प्लास्टिक बोरी समेत अन्य सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जगह बदल-बदलकर अन्य फरार आरोपियों के साथ जुआ संचालित करते थे। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। चकरभाठा पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और BNS की धारा 112 के तहत कार्रवाई की है।

अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम से भिड़े सब्जी विक्रेता

बिलासपुर में शेफर्ड स्कूल के सामने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद हो गया। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला निगम कर्मियों पर चप्पल से हमला करती नजर आ रही है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम की टीम फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान सब्जी विक्रेताओं और निगम कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। एक महिला ने निगम कर्मियों पर उसकी दुकान गिराने का आरोप लगाया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

मौके पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बदसलूकी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से जानकारी सामने आना बाकी है।