July 23, 2026

Bilaspur News Update: सेंट्रल जेल में फिर कैदी की मौत, नौकरी दिलाने के नाम पर ₹6.82 लाख की ठगी समेत पढ़ें बड़ी खबरें

1. सेंट्रल जेल में फिर कैदी की मौत, एक महीने में चौथी घटना

बिलासपुर। सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय प्रभु कुमार मनहर के रूप में हुई है, जो वर्ष 2024 से पॉक्सो एक्ट के मामले में 20 साल की सजा काट रहा था। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसे सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। पिछले एक महीने में जेल में यह चौथी मौत है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

2. ईडी अधिकारी बनकर नौकरी और ठेका दिलाने का झांसा, ₹6.82 लाख की ठगी

बिलासपुर। सिम्स में नौकरी और कैंटीन का ठेका दिलाने का झांसा देकर एक दंपती ने 6 लाख 82 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी राहुल मिश्रा ने खुद को ईडी का अधिकारी बताकर पीड़ित से अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। न नौकरी मिली और न ठेका। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

3. बूचड़खाने ले जा रहे 26 भैंसों से भरा ट्रक पकड़ा, चालक गिरफ्तार

मरवाही। पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे ट्रक को जब्त किया है। सूचना पर पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर पीछा कर ट्रक को पकड़ा। चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। सभी पशुओं को सुरक्षित निकालकर संरक्षण में भेजा गया और चालक वाल्मीक साकेत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

4. छात्रावास की 13 बच्चियों की तबीयत बिगड़ी, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

लोरमी। दुल्लापुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में 13 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। उल्टी, पेट दर्द, बुखार और सिरदर्द की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। चार छात्राओं को सीएचसी पंडरिया रेफर किया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जांच में दूषित भोजन, पेयजल और साफ-सफाई की कमी को संभावित कारण माना गया है। प्रशासन ने सभी छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई है।

5. म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट मामले में महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए, जिनके जरिए 18.17 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।