बिलासपुर। जिले में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस ने अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। केंद्रीय जेल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाने से लेकर नशीली दवाओं की तस्करी, चोरी के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी और रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रही महिलाओं पर कार्रवाई की गई है।
केंद्रीय जेल के 500 मीटर दायरे को घोषित किया गया ‘नो फ्लाई जोन’
केंद्रीय जेल बिलासपुर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जेल परिसर के 500 मीटर के दायरे को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया है। आदेश के अनुसार इस क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के ड्रोन का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
विशेष परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने के लिए सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा कानून सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जेल अधीक्षक को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहा आरोपी गिरफ्तार
रतनपुर थाना पुलिस ने नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भैरव बाबा मंदिर के पास दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उसराभाठा नेवसा निवासी नवीन कुमार बैसवाड़े के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से 13 नग नाइट्रोजेपम (नाइट्रा) टेबलेट बरामद की हैं। आरोपी कथित तौर पर ग्राहकों की तलाश में घूम रहा था। उसके खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
चोरी के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार
बिल्हा थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशीष उर्फ सरजू यादव को गिरफ्तार किया है। पत्थरखानभाठा निवासी आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी रजत यादव के साथ मिलकर अनंत विजय कान्त के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने घर से फ्रिज, गैस सिलेंडर, मिक्सी, इंडक्शन, कूलर, आलमारी, टीवी, बर्तन और नगदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी किया था। मामले में सह-आरोपी रजत यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आशीष यादव के कब्जे से भी चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध हालत में घूम रही छह महिलाएं पकड़ी गईं
बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही छह महिलाओं को जीआरपी ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार महिलाएं स्टेशन परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रही थीं और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही थीं।
घेराबंदी कर पकड़े जाने के बाद पूछताछ में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। सभी महिलाएं महाराष्ट्र के नागपुर की निवासी बताई गई हैं। गंभीर अपराध की आशंका को देखते हुए जीआरपी ने उनके खिलाफ धारा 35(2)(क) एवं 128 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।
जिले में हुई इन कार्रवाइयों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





