चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा का आज विदाई समारोह
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा का आज विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। हाईकोर्ट के उनके कोर्ट रूम में दोपहर 3:30 बजे होने वाले समारोह में न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता शामिल होंगे। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। उन्होंने 29 मार्च 2023 को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली थी। उनके स्थान पर ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा नए चीफ जस्टिस होंगे।
चाकू लहराने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अमरैया चौक, बहतराई चौक, महामाया चौक और सीपत चौक में कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से चार धारदार चाकू बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं सात बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों का बाउंड ओवर कराया गया।
फर्जी इंस्टाग्राम ID बनाकर तस्वीरें वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
तखतपुर। पुलिस ने युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपनी और पीड़िता की तस्वीरें वायरल करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव का है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने पति की इंस्टाग्राम आईडी चेक की, जहां उसे उसके घरेलू नाम से बनाई गई फर्जी आईडी की जानकारी मिली। शिकायत और जांच के बाद पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी अख्तर खान उर्फ अफ्तार खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पीड़िता ने आरोपी पर दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है।
मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 98 हजार पार
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से करीब 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित प्रहलाद बरेठ ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला जांच में लेकर रकम ट्रांसफर होने और साइबर फ्रॉड के तरीके की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
जन्माष्टमी को लेकर पुलिस अलर्ट, 5 बदमाश गिरफ्तार
बिलासपुर। कृष्ण जन्माष्टमी को देखते हुए तोरवा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 6 धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चाकूबाजी के एक मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सिद्धार्थ साहू को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।





