1. चोरी का आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बिल्हा थाना पुलिस ने रात में चोरी करने वाले आरोपी अशोक दास (मानिकपुरी) को गिरफ्तार किया। आरोपी ने बिल्हा और चकरभाठा क्षेत्र में चार जगह चोरी की थी। आरोपी के कब्जे से 1 लैपटॉप, 12 पैकेट सिगरेट और 2 पैकेट राजश्री जप्त किए गए।
2. वाहन टक्कर के बाद चाकूबाजी
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना इलाके में वाहन टक्कर के बाद पैसे की मांग को लेकर मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी शानू उर्फ अश्वनी यादव को गिरफ्तार किया। साथ ही 4 अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया। आगे की कार्रवाई जारी है।
3. माघी पूर्णिमा मेले का समापन
रतनपुर। माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला आज समाप्त हो रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय आवासन राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक करेंगे। समापन समारोह में गायिका कविता वासनिक की प्रस्तुति और अति विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी होगी।
4. खाई में गिरी अनियंत्रित कार, 2 की मौत
मस्तुरी। चार युवक शादी समारोह में शामिल होने कोरबा जा रहे थे। रात में उनकी तेज रफ्तार कार उरगा प्लाजा टोल के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में राहुल राय (30) और ढोलू अग्रवाल (38) की मौके पर मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल, जिन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
5. एक दर्जन डीजे वाहनों पर कार्रवाई
बिलासपुर। एसएसपी ने ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते डीजे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अभियान के दौरान 12 डीजे वाहनों को नियम उल्लंघन के आरोप में जब्त किया गया। थाना सरकंडा, सिरगिट्टी, सिविल लाइन, बिल्हा और मस्तूरी क्षेत्रों में विशेष जांच की गई।





