July 29, 2026

Bilaspur News Update : बिलासपुर में अपराध और हादसों की भरमार, मारपीट, चाकूबाजी और सड़क दुर्घटना से दहशत

बाइक टकराने के विवाद में युवक पर हमला, 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में बाइक टकराने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दशगात्र कार्यक्रम से लौटते समय हुए विवाद में आरोपियों ने युवक पर लाठी-डंडे, ईंट और बेल्ट से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बादल जांगड़े, सरोज जांगड़े, विक्की जांगड़े, तुलसी जांगड़े, ललित जांगड़े, शैलेन्द्र जांगड़े और इतवारी जांगड़े शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ईंट, बेल्ट, पेचकस और डंडा जब्त किया है।

चाकूबाजी मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और चाकूबाजी करने वाले 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 17 मई की रात की बताई जा रही है।

आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी अविनाश मसीह उर्फ बट्टू समेत पुनीत राव गजवे और पियुष रजक को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर राहगीरों की पिटाई

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर राहगीरों से मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी ईश्वर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने साथी के साथ लाखासार मोड़ के पास बाजार से लौट रहे युवकों को रोककर पैसे मांगे थे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने कुल्हाड़ी, रॉड और फावड़े से हमला कर दिया।

घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रांसफार्मर में भीषण आग, कॉलोनी की बिजली ठप

बिलासपुर। मंगला स्थित महामाया पार्क इलाके में ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात लगी आग में ट्रांसफार्मर और बिजली तार जलकर खाक हो गए।

दमकल टीम और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

कार और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत

अकलतरा। ग्राम खटोला के पास ओवरटेक के दौरान बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक भूपेंद्र धीवर (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार चार युवक एक बाइक पर सवार होकर अकलतरा जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।