बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में साइबर ठगों ने आईडीएफसी बैंक के एक कर्मी को अपना शिकार बना लिया। लोन डिपार्टमेंट में पदस्थ कर्मी के खाते से लंच ब्रेक के दौरान मात्र 20 मिनट में 2 लाख रुपए क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के नाम पर कट गए। पीड़ित राजाराम साहू के पास संबंधित बैंक का क्रेडिट कार्ड भी नहीं था। मामले की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया और साइबर सेल से तकनीकी प्रतिवेदन मांगा। प्राथमिक जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस अब संबंधित क्रेडिट कार्ड और बैंक खातों की पूरी जानकारी जुटा रही है।
बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साइबर सेल धमकी देने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ सरकारी काम को रोकना, देश की संप्रभुता को खतरा, लोक सेवक को धमकी, आपराधिक धमकी और सार्वजनिक शांति भंग करने की धारा 66(सी) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जांजगीर-चांपा में खेत गिरवी रखने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी राजालाल बर्मन (36 वर्ष) को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी ने प्रार्थिया को इकरारनामा दिखाकर नगद राशि ली, लेकिन भूमि किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर बेच दी।
मुंगेली में अपर कलेक्टर एवं हेल्थ ओआईसी जी.एल. यादव ने पंडरभट्ठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में चिकित्सालय की सफाई, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएं, दवा वितरण व्यवस्था और स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन ने पुरी और पुणे के मध्य स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया। गाड़ी संख्या 08405 27 फरवरी को पुरी से रवाना होगी। इस ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया सहित कई स्टेशनों पर होगा।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने विधानसभा में आवास मजदूरी में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। 2151 दिन की मजदूरी में गलत नामों से 5.17 लाख रुपए की हेराफेरी की गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुष्टि की कि मस्टर रोल फर्जीवाड़ा हुआ और संबंधित राशि वसूलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। विधायक ने आवास योजना में व्यापक जांच की मांग की।
सारंगढ़ जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही बरतने, समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने और सरकारी राशि के अनियमित उपयोग के कारण ग्राम पंचायत सचिव प्रभुनाथ कर्ष को निलंबित कर दिया। पुलिया निर्माण हेतु 3 लाख रुपए की राशि समय पर ग्राम पंचायत खाते में जमा नहीं की गई थी।





