1. पिकनिक के दौरान डैम में डूबने से युवक की मौत
बिलासपुर। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की औंरापानी डैम में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सरकंडा निवासी ऋषभ देव के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ डैम में नहाने उतरा था, तभी गहरे पानी में चला गया। साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने करीब 7 घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।
2. गर्भवती महिला की कार रोकने पर फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों पर केस
बिलासपुर। अस्पताल जा रही गर्भवती महिला की कार रोककर किश्त वसूली का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट और एसएसपी कार्यालय के सामने वाहन रोककर अतिरिक्त राशि की मांग की और कार को क्रेन से ले जाने की कोशिश की। महिला ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
3. आज हड़ताल पर रहेंगे सहायक शिक्षक
जांजगीर-चांपा। वेतन विसंगति, पूर्व सेवा गणना और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर सहायक शिक्षक आज एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर जिले के शिक्षक रायपुर में विधानसभा घेराव में भी शामिल होंगे। हड़ताल के कारण कई प्राथमिक स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित रहेगा।
4. रेलवे ट्रैक पार करते समय महिला की मौत
चांपा। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय सावित्री देवांगन की मौत हो गई। घटना सीताराम गली के पास हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
5. शराब के लिए पैसे मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मल्हार पुलिस ने ग्राम बैटरी निवासी लेख राम कौशिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
6. तोरवा पुलिस ने 10 फरार वारंटियों को दबोचा
बिलासपुर। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में तोरवा पुलिस ने लंबे समय से फरार 10 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान कुल 12 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।





