July 29, 2026

बिलासपुर न्यूज अपडेट: तालाब में डूबने से मौत, खाद की कालाबाजारी पर कार्रवाई, लूट और साइबर ठगी के आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर के रत्नेश्वर तालाब में कमल ककड़ी (ढेंस) निकालने के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान करैहा पारा निवासी 43 वर्षीय कैलाश केंवट के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी के लिए तालाब से कमल ककड़ी निकालकर बाजार में बेचता था।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को काम के दौरान कैलाश तालाब के गहरे हिस्से में चला गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। रेस्क्यू अभियान के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर जिले में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मल्हार और सेन्दरी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में छिपाकर रखा गया उर्वरक जब्त किया गया।

मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भंडार से यूरिया, एनपीके और एसएसपी खाद बरामद किया गया, जबकि सेन्दरी के बंसल फर्टिलाइजर में भी अवैध रूप से भंडारित खाद जब्त की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों के गोदाम सील कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम और उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को भी सहकारी समितियां खुली रखने का निर्णय लिया है। खरीफ सीजन के लिए जिले को 68,950 मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य मिला है।

युवक से लूट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

बिरकोना रोड पर युवक से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 28 मई की रात सेन्दरी निवासी गौतम पालेकर से बजरंगबली मंदिर के पास आरोपियों ने ई-रिक्शा लगाकर रास्ता रोका और एक हजार रुपये नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने 350 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचा गया। गिरफ्तार आरोपियों में सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली शामिल हैं।

साइबर ठगी गिरोह का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार

शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के प्रमुख सदस्य रजत तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मामला बिलासपुर की एक महिला से 17.21 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है। साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी की रकम के लेन-देन का संचालन करता था। आरोपी दुर्ग का निवासी है और उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एटीएम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में कुछ बैंक खातों से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। साइबर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

बीज उत्पादन कार्यक्रम के लिए 10 से 24 जून तक होगा पंजीयन

जांजगीर-चांपा। खरीफ वर्ष 2026 के बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत किसानों का पंजीयन 10 जून से 24 जून तक किया जाएगा। कार्यक्रम जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित होगा।

उप प्रबंधक एवं बीज प्रबंधक नम्रता तिवारी ने बताया कि पंजीयन के लिए किसान आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, बी-1, खसरा की सत्यापित प्रति, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और चालू मोबाइल नंबर अनिवार्य होंगे। किसानों से निर्धारित तिथियों में संबंधित विकासखंडों में पहुंचकर पंजीयन कराने की अपील की गई है।