बिलासपुर/जांजगीर/मुंगेली, 26 फरवरी। अमलीपाली से चोरी हुई इको कार की बरामदगी के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं हाईकोर्ट ने सेक्स स्कैंडल में फंसाने की धमकी देकर उगाही के मामले में कथित मध्यस्थ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जिले में प्रशासनिक, श्रमिक और शैक्षणिक मोर्चों पर भी अहम घटनाक्रम सामने आए हैं।
ज्वेलरी लूट में इस्तेमाल कार बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार
अमलीपाली निवासी दुष्यंत की इको कार (CG 13N 0999) 16-17 फरवरी की दरम्यानी रात चोरी हो गई थी। थाना अकलतरा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में खुलासा हुआ कि चोरी की गई कार का इस्तेमाल बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की लूट में किया गया था।
बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय लाम्बा (उत्तर दिल्ली), विनोद उर्फ बिनू प्रजापति (अनूपपुर), करीम खान (बरेली), इरफान अली (सीपत, बिलासपुर) और मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित (गौतम बुद्ध नगर) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।
निगम को मिले 5 करोड़, होली से पहले वेतन भुगतान
होली से पहले नगरीय निकाय कर्मियों के वेतन भुगतान के लिए राज्य शासन ने चुंगी क्षतिपूर्ति मद से 62.85 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें से 51.71 करोड़ वेतन मद में और 11.14 करोड़ नियमित क्षतिपूर्ति के तहत दिए गए हैं। बिलासपुर नगर निगम को 5 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।
बीएमएस का प्रदर्शन, 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर बिलासपुर में नेहरू चौक धरना स्थल पर प्रदर्शन किया गया। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक वेतन, लेबर कोड संशोधन और ईपीएफ-ईएसआई सुविधा विस्तार की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
जिला प्रशासन ने रुकवाया नाबालिग का विवाह
मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड में 17 वर्ष 6 माह की बालिका का विवाह जिला प्रशासन ने समय रहते रुकवाया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत परिजनों को चेतावनी दी गई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की भर्ती प्रक्रिया निरस्त
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 84 संविदा पदों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरस्त कर दी गई है। अब नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
सेक्स स्कैंडल उगाही केस: अग्रिम जमानत खारिज
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने सेक्स स्कैंडल में फंसाने की धमकी देकर उगाही मामले में कथित मध्यस्थ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने मामले को गंभीर बताते हुए हिरासत में पूछताछ को आवश्यक माना।
स्कूलों का समय बदला
ठंड का प्रभाव कम होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। एक पाली वाले स्कूल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे, जबकि दो पालियों में समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
रेल सेवाएं प्रभावित
दक्षिण पश्चिम रेलवे के हुब्बल्लि मंडल में ट्रैक अनुरक्षण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। गाड़ी संख्या 17322 जसीडीह–वास्को द गामा एक्सप्रेस और 17321 वास्को द गामा–जसीडीह एक्सप्रेस आंशिक रूप से रद्द/शॉर्ट टर्मिनेट की जाएंगी।





