July 31, 2026

Bilaspur News Update: बिजली संकट पर सख्त हुए केंद्रीय मंत्री, नाले में महिला की लाश मिलने से सनसनी

1. बिजली कटौती और योजनाओं की सुस्ती पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सख्त

बिलासपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिजली व्यवस्था, पेयजल, शिक्षा और कृषि से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने लगातार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर क्षमता की समस्या उठाई, जिस पर मंत्री ने स्थायी समाधान तैयार करने और स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति और आत्मा योजना की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर जोर दिया।

2. अपोलो अस्पताल में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठाए सवाल

बिलासपुर। दिशा बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सरकारी जमीन रियायती दर पर मिलने के बावजूद अपोलो अस्पताल में आम लोगों को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने सीएमएचओ को अस्पतालों की नियमित निगरानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

3. शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और सड़कों से मवेशी हटाने के निर्देश

बिलासपुर। बैठक में शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मंत्री ने प्राथमिक स्तर से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और स्कूलों में पालकों के साथ नियमित संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या को लेकर जनपद पंचायतों और सरपंचों को संयुक्त अभियान चलाने तथा पशुपालकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

4. रेलवे रोड के नाले में महिला का शव मिलने से सनसनी

बिलासपुर। रेलवे रोड तितली चौक के पास नाले में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया गया है तथा शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतका की उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के प्रयास जारी हैं।

5. हसदेव एक्सप्रेस में स्थायी रूप से जुड़ेंगे अतिरिक्त एसी कोच

बिलासपुर। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस की दोनों जोड़ी ट्रेनों में एक अतिरिक्त एसी थ्री-टियर कोच स्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 12 जुलाई से चरणबद्ध तरीके से लागू होगी, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

6. हसदेव नदी उफान पर, एनीकट डूबा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

चांपा। लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। श्री श्याम मंदिर के पास स्थित एनीकट पर करीब तीन फीट ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है और संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत शिविरों की तैयारी कर ली है।

7. कोरबा में युवक ने जहर खाकर दी जान, जांच शुरू

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कथरीमाल गांव में 35 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।